पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

राजधानी पटना में मंगलवार देर रात चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान अभिषेक और गौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते और पोस्टर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने की भी सूचना है। हमले में घायल गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।खान सर ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोग हैं। उनका कहना है कि गरीब और जरूरतमंद छात्रों को कम शुल्क में शिक्षा उपलब्ध कराने की उनकी पहल से कुछ लोग परेशान हैं। हालांकि, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया है।

घटना के बाद शुरुआती बयान में खान सर ने गोलीबारी होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें भ्रम हुआ था। उनकी एफआईआर में भी फायरिंग का उल्लेख नहीं है। वहीं पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि कुछ छात्रों द्वारा मारपीट और पोस्टर फाड़ने की घटना सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।विवाद की शुरुआत कथित तौर पर एक पोस्टर को लेकर हुई थी। जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह का पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लगाए जाने से विवाद पैदा हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।घटना के बाद बुधवार को खान सर का कोचिंग संस्थान बंद रखा गया। बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन भी किया। खान सर ने छात्रों से शांति बनाए रखने और सड़क खाली करने की अपील की।इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई कोचिंग नीति बनाने की घोषणा की है। विभाग के अनुसार अगले तीन महीने के भीतर एक मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट तैयार किया जाएगा, जिसका पालन सभी कोचिंग संस्थानों को करना होगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post