पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल सेवा समिति एवं सलडा समाज सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को काशी स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों की भव्य पैदल यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।
यात्रा चौक चित्रा से प्रारंभ होकर काशी विश्वनाथ धाम, सोमनाथ, रामेश्वर, नागेश्वर, ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, मल्लिकार्जुन, बैजनाथ, घृष्णेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर और त्र्यंबकेश्वर सहित काशी में स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंग स्वरूपों के दर्शन करती हुई आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में पूजन-अर्चन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान 108 किलो मालपुआ का भोग अर्पित किया गया तथा विभिन्न मंदिरों और मार्गों पर श्रद्धालुओं एवं आमजन के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत हुआ और भक्ति गीतों व जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।
यात्रा का समापन विशेष रूप से पुरुषोत्तम भगवान के दर्शन के साथ हुआ। आयोजकों ने बताया कि तेरस तिथि के विशेष संयोग पर आयोजित इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को काशी में विराजमान द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराना तथा सनातन परंपराओं के प्रति जनजागरण करना है।


