ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार के अवसर पर मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क के श्री मनसापूरण हनुमान मंदिर में मंगलवार को भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान श्री मनसापूरण हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।मंदिर के सेवायत एवं हनुमान भक्त आनंद जी ने विधिवत सिंदूर लेपन कर प्रभु का सुगंधित पुष्पों एवं मालाओं से भव्य श्रृंगार किया। साथ ही मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया। प्रातः 7:30 बजे भारतेंदु पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जबकि बड़ी संख्या में महिलाओं ने सुंदरकांड का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
हनुमान जी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रसाद स्वरूप चना, हलवा, कचौड़ी एवं बेसन के लड्डुओं का वितरण किया गया तथा विशाल भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।आयोजन में हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह, संरक्षक विजय कपूर, सुबह-ए-बनारस क्लब के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, बचाऊ जायसवाल, सुमित सरार्फ, मार्कंडेय तिवारी, संजय जोशी, आनंद बर्मन तथा श्याम दास गुजराती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रभु मनसापूरण हनुमान जी के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।


