माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के अवसर पर मंगलवार प्रातः माहेश्वरी समाज द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत सुबह दशाश्वमेध घाट से हुई, जहां विधि-विधान से कलश पूजन कर गंगा जल भरा गया तथा कलशों में कमल पुष्प स्थापित किए गए।बैंड-बाजों और "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच निकली इस शोभायात्रा में समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा शामिल हुए। श्रद्धालु गंगा जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गेट नंबर-4 से प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।
पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल रहे। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि महेश नवमी माहेश्वरी समाज का प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान महेश (शिव) की आराधना और समाज की एकता के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।इस अवसर पर दीपक माहेश्वरी, राकेश कचोलिया, लाल चांडक, राकेश दरक, गौरव राठी, राजेश बहेची, मांगीलाल शारदा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


