केंद्र सरकार एग्रीगेटर पॉलिसी के तहत ऐप आधारित कैब और ऑटो बुकिंग सेवाओं पर 5% जीएसटी लगाने की तैयारी कर रही है। इस बीच एस्या सेंटर की एक नई रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि इस फैसले से यात्रियों का किराया बढ़ सकता है और ड्राइवरों की कमाई पर भी असर पड़ सकता है।
लखनऊ समेत 13 शहरों में किए गए सर्वे के अनुसार, 68% यात्रियों ने कहा कि किराया 5% बढ़ने पर वे ऐप से कैब या ऑटो बुक करना कम कर देंगे। वहीं 60% ड्राइवरों का मानना है कि जीएसटी लागू होने से उनकी बुकिंग घटेगी और 45% को नियमित ग्राहकों के टूटने की चिंता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कई ड्राइवर ऐप आधारित सेवाएं छोड़कर सीधे सवारी बैठाने का विकल्प चुन सकते हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। परिवहन चालक कामगार यूनियन ने इस रिपोर्ट को वित्त विभाग को भेजने और सरकार से प्रस्तावित जीएसटी फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।


