हरिद्वार में 54 करोड़ रुपये के विवादित भूमि सौदे में अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद उत्तराखंड सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आईएएस अधिकारी वरुण चौधरी को सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति की गई है।बताया जा रहा है कि वर्ष 2017 बैच के अधिकारी वरुण चौधरी उस समय हरिद्वार नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात थे। उनके कार्यकाल में नगर निगम ने सराय गांव स्थित कूड़ा निस्तारण स्थल के पास करीब 2.3 हेक्टेयर भूमि को लगभग 54 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस खरीद को लेकर भूमि की कीमत वास्तविक मूल्य से अधिक बताकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे।
मामले की जांच में कई खामियां सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया। इसी क्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के खिलाफ भी बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।इस प्रकरण में पहले भी कई अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और जांच प्रक्रिया अभी जारी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और प्रशासनिक लापरवाही के मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


