कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल के मुख्य द्वार पर आंधी और तेज हवा के चलते सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक तेज धमाके के साथ गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात बाधित हो गया।पेड़ गिरने की चपेट में आने से ट्रॉली चालक विजय केशरी निवासी प्रह्लाद घाट घायल हो गए। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की जानकारी नगर निगम और पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने पेड़ की कटाई कर रास्ता साफ कराया, जबकि पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों का आवागमन सुचारु कराया।पेड़ गिरने के कारण अस्पताल गेट के आसपास काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पेड़ हटने और यातायात सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


