भारतीय क्रिकेटर ईशांत शर्मा दशाश्वमेध घाट पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती में शामिल हुए। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित इस भव्य आरती में उन्होंने श्रद्धाभाव के साथ मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन-अर्चन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।गौरतलब है कि ईशांत शर्मा इससे पहले भी दो बार दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल हो चुके हैं। एक बार फिर काशी पहुंचकर उन्होंने मां गंगा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, सचिव सुरजीत कुमार सिंह एवं सचिव हनुमान यादव ने ईशांत शर्मा का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए ईशांत शर्मा ने लिखा कि मां गंगा की आरती का दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें दिव्यता की अनुभूति हो रही है। उन्होंने इस आध्यात्मिक अनुभव के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।करीब एक घंटे तक दशाश्वमेध घाट पर मौजूद रहे ईशांत शर्मा को अपने बीच देखकर श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


