उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र स्थित मोहिद्दीनपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दो वर्षीय मासूम अन्वी घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक भारी लोहे का गेट भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अन्वी ने हादसे से कुछ देर पहले अपने पिता सूरज के साथ खाना खाया था और फिर खेलने के लिए बाहर निकल गई थी। सुबह करीब 9 बजे हुए इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि चार वर्षीय बड़ी बहन श्रेष्ठी अपनी छोटी बहन को ढूंढ़ती रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


