इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच शुक्रवार को हुए सीजफायर समझौते के बावजूद शनिवार को दक्षिणी लेबनान में एक बार फिर हिंसा भड़क गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइली सेना ने लेबनान के कई इलाकों में हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि इजराइली लड़ाकू विमानों और ड्रोन ने नबातिएह क्षेत्र समेत कई स्थानों को निशाना बनाया।
हमलों में कई रिहायशी इमारतों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा इजराइली सेना ने सीमा से लगे क्षेत्रों में तोपों से भी गोलाबारी की। उधर, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की शर्तों पर चर्चा के लिए कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शनिवार को वार्ता के अगले दौर में हिस्सा लेने के लिए स्विट्जरलैंड रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद और पूर्व वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर भी इस बातचीत में शामिल हो सकते हैं। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के भी शनिवार को स्विट्जरलैंड पहुंचने की संभावना है।


