नगर निगम मुख्यालय वाले वार्ड की बदहाली, टूटी सड़कें और उफनाते सीवर बने मुसीबत

जिस वार्ड से पूरे शहर के विकास कार्यों की निगरानी होती है, वहीं के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वाराणसी के वार्ड-10 शिवपुरवा में नगर निगम का प्रधान कार्यालय स्थित है, लेकिन क्षेत्र में टूटी सड़कें, उफनाते सीवर और जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई मोहल्लों में सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं तथा गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वहीं कुछ इलाकों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं।

निवासियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से नालियों की नियमित सफाई नहीं हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। लोगों का यह भी कहना है कि दो वर्ष पहले बिछाई गई गैस पाइपलाइन आज तक चालू नहीं हो सकी, जबकि गरीब परिवार आवास योजना का लाभ पाने के लिए वर्षों से कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

चंद्रिका नगर, माधोपुर और जयप्रकाश नगर में कुछ सड़कों का निर्माण हुआ है, लेकिन निराला नगर और लेन नंबर-6 सहित कई इलाकों में सड़कें अब भी जर्जर हैं। उखड़े खड़ंजे और खराब रास्तों के कारण बरसात में आवागमन मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से सड़क, सीवर और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post