फर्जी वेबसाइट बनाकर नौकरी का झांसा, 250 युवाओं से लाखों की ठगी; नोएडा से आरोपी गिरफ्तार

देशभर के करीब 250 बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक साइबर ठग को नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी जॉब पोर्टल के जरिए अभ्यर्थियों से संपर्क करता था और रजिस्ट्रेशन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तथा प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उनसे पैसे ऐंठता था।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार निवासी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रहा था। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। मोबाइल की जांच में फर्जी नियुक्ति पत्र, व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और विभिन्न कंपनियों के नाम पर तैयार किए गए दस्तावेज मिले हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी अमन अग्रवाल के साथ मिलकर अलग-अलग नामों से फर्जी जॉब वेबसाइट और डोमेन तैयार करता था। इसके बाद कॉल सेंटर के माध्यम से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से संपर्क कर उन्हें आकर्षक नौकरी का लालच दिया जाता था। फिर अलग-अलग शुल्क के नाम पर उनसे रकम वसूली जाती थी।जांच में पता चला है कि यह गिरोह पिछले करीब डेढ़ साल से सक्रिय था और उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश तथा उत्तराखंड समेत कई राज्यों के युवाओं को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस के अनुसार गिरोह में सात से 12 लोगों के शामिल होने की आशंका है। फरार आरोपी अमन अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही पूरे नेटवर्क और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों व अन्य डिजिटल माध्यमों की जांच की जा रही है।









Post a Comment

Previous Post Next Post