अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धर्मनगरी काशी पूरी तरह योगमय नजर आई। गंगा घाटों से लेकर शहर के प्रमुख पार्कों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।सुबह से ही अस्सी घाट, नमो घाट, दशाश्वमेध घाट सहित विभिन्न घाटों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। वहीं सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों और विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का भी स्रोत है। योग दिवस पर युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।गंगा तट पर सामूहिक योगाभ्यास का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। योग दिवस के अवसर पर काशी ने एक बार फिर विश्व को स्वास्थ्य, आध्यात्म और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। पूरे दिन शहर में योग को लेकर उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।


