रोहनिया में शिक्षक के घर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर

रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत न्यू महादेव कॉलोनी, खुशीपुर में चोरों ने एक शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी विनीत सिंह, जो पेशे से शिक्षक हैं, के घर में अज्ञात चोर घुस गए और करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के कीमती सामान तथा लगभग 32 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित विनीत सिंह और उनकी पत्नी कविता सिंह दोनों शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं। परिवार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाई गई जमा-पूंजी और आभूषण चोरी हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।घटना की सूचना पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




Post a Comment

Previous Post Next Post