कड़ी सुरक्षा के बीच वाराणसी में संपन्न हुई NEET परीक्षा, 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार को वाराणसी के 47 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में 25 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को सकुशल और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट रहा।परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी गई, वहीं केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की गई।

पुलिस और प्रशासन की विशेष नजर हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले तथाकथित ‘मुन्ना भाइयों’ पर रही। इसके अलावा बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें भी सक्रिय रहीं, जिससे परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर प्रशासन की लगातार निगरानी रही और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।




Post a Comment

Previous Post Next Post