लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ बने नए सेना प्रमुख, 30 जून से संभालेंगे कमान

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय थलसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वे 30 जून 2026 से उपेंद्र द्विवेदी की जगह चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का पदभार संभालेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी नियुक्ति को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल चुकी है और उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा।लेफ्टिनेंट जनरल सेठ को इसी वर्ष 1 अप्रैल को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बनाया गया था। करीब चार दशकों के सैन्य अनुभव के साथ उन्होंने कई महत्वपूर्ण रणनीतिक और स्टाफ पदों पर कार्य किया है, जिससे उन्हें व्यापक संचालनात्मक अनुभव हासिल हुआ है।

अपने करियर के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक स्वतंत्र आर्मर्ड ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वे अंगोला में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ ऑपरेशन्स ऑफिसर भी रह चुके हैं। आर्मी मुख्यालय में उन्होंने असिस्टेंट मिलिट्री सेक्रेटरी के रूप में कार्य किया, जबकि साउथ वेस्टर्न कमांड मुख्यालय में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ ऑपरेशन्स और डायरेक्टर जनरल (डिसिप्लिन, सेरेमोनियल एवं वेलफेयर) जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली।

धीरज सेठ ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला से प्रशिक्षण प्राप्त किया और दिसंबर 1986 में आर्म्ड कॉर्प्स में कमीशन हासिल किया था। विभिन्न चुनौतीपूर्ण इलाकों और परिस्थितियों में कार्य करते हुए उन्होंने सेना में एक सशक्त नेतृत्व की पहचान बनाई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post