सारनाथ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को दो अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश मिश्रा के रूप में हुई है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हथियार चौबेपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदे थे। पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी किसी पारिवारिक रंजिश के चलते अपराध को अंजाम देने की तैयारी में था। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, हालांकि वह नशे का आदी बताया जा रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


