साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक’ के तहत पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम सेल और संबंधित थाना साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ 4 मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी गोमती नीतू कादयान और एसीपी सारनाथ/साइबर ने बताया कि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान साइबर क्राइम सेल तथा सिगरा, भेलूपुर, चेतगंज और चौलापुर थाना साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऐसे खातों का पता लगाया, जिनका उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन में किया जा रहा था। कार्रवाई के तहत 6 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए और 5 म्यूल खातों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इन खातों के खिलाफ एनसीसीआरपी पोर्टल पर कुल 51 शिकायतें दर्ज हैं। जांच के दौरान इन खातों से संबंधित लगभग 2.42 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


