काशी विद्यापीठ में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, नरेंद्र देव छात्रावास के 35 कमरे खाली कराए गए

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रावासों में बिना आवंटन के रह रहे छात्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान नरेंद्र देव छात्रावास के लगभग 35 कमरों को खाली कराकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुनः अपने कब्जे में ले लिया।विश्वविद्यालय प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिना वैध आवंटन के रह रहे छात्रों से कमरे खाली कराए गए और छात्रावास परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

विश्वविद्यालय के मुख्य अनुशासन अधिकारी (चीफ प्रॉक्टर) के.के. सिंह ने बताया कि छात्रावासों में केवल उन्हीं छात्रों को रहने की अनुमति है, जिन्हें विधिवत कमरा आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रावासों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।वहीं छात्र नेता हर्षित तिवारी ने कार्रवाई को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।कार्रवाई के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रावासों में अनुशासन बनाए रखने तथा अवैध कब्जों को समाप्त करने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।







Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post