बाराबंकी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 22 करोड़ 21 लाख 92 हजार रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत दरियाबाद समानांतर शाखा नहर पर स्थित जर्जर बनियाल और अचैचा पुलों का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जबकि प्रतापगंज रजबहा के आंतरिक सुधार और क्षतिग्रस्त पुलिया का भी पुनर्निर्माण होगा।दरियाबाद नहर पर बनने वाले दोनों पुलों के लिए 12.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन पुलों से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों, किसानों, छात्रों और राहगीरों की आवाजाही आसान होगी। लंबे समय से जर्जर पुलों के कारण लोगों को परेशानी और हादसों का खतरा बना हुआ था।इसके अलावा प्रतापगंज रजबहा के सुधार कार्य पर 9 करोड़ 71 लाख 92 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना से सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को समय पर पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
सिंचाई विभाग के अनुसार पुल निर्माण के लिए खुदाई और पुराने ढांचों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। परियोजनाओं के पूरा होने पर तीन दर्जन से अधिक गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण संपर्क मार्ग अधिक सुरक्षित व सुगम बनेंगे।
Tags
Trending


