भेलूपुर क्षेत्र में एसीपी कार्यालय के सामने स्थित एक मोबाइल टावर में शुक्रवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय टावर पर मरम्मत कार्य चल रहा था, लेकिन राहत की बात यह रही कि आग लगने से पहले ही वहां काम कर रहे कर्मचारी नीचे उतर चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टावर से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने टावर के पैनल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, क्योंकि टावर के ठीक बगल में पेट्रोल पंप स्थित है। संभावित खतरे को देखते हुए पेट्रोल पंप को तत्काल बंद करा दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता और आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान टावर से निकल रही चिंगारियां आसपास तक उड़ रही थीं। इसी दौरान एक चिंगारी की चपेट में आने से एक युवक की टी-शर्ट जल गई। हालांकि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम लगभग 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने टावर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रशासन से इसे आवासीय और अत्यधिक व्यस्त क्षेत्र से हटाने की मांग की। लोगों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटना बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
पेट्रोल पंप संचालक राम यादव ने बताया कि जैसे ही आग लगने की जानकारी मिली, तत्काल फायर ब्रिगेड और सीएम हेल्पलाइन पर सूचना दी गई। संभावित खतरे को देखते हुए पेट्रोल पंप को तुरंत बंद करा दिया गया। उन्होंने बताया कि सामने स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई गई। आग पर पूरी तरह काबू पाने तक क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना रहा।


