25 जून तक काशी में दस्तक देगा मानसून, फिलहाल गर्मी से बेहाल लोग

वाराणसी में मानसून के आगमन से पहले एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार और सोमवार को तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।सुबह से साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी का असर बना रहा। हवा की रफ्तार लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही और वातावरण में नमी 34 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे उमस भी बढ़ गई। इसके चलते लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट दोनों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, हालांकि मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि फिलहाल तत्काल आंधी-पानी की स्थिति नहीं बन रही है। उनके अनुसार वर्तमान मौसम परिस्थितियां इसके अनुकूल नहीं हैं।एक्यूवेदर के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 23 जून के बीच क्षेत्र में तेज गर्मी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 19, 20 और 21 जून को प्री-मानसून गतिविधियों के तहत हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।केरल में मानसून के प्रवेश के बाद अब पूर्वांचल में भी मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।


विशेषज्ञों का मानना है कि हवा की दिशा और बढ़ती नमी मानसून के अनुकूल स्थिति बना रही है। इसी आधार पर अनुमान है कि 25 जून तक मानसून वाराणसी पहुंच सकता है।हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अभी उत्तर प्रदेश में मानसून के प्रवेश की आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन अगले तीन से चार दिनों में इसको लेकर स्पष्ट जानकारी जारी होने की उम्मीद है।फिलहाल काशीवासियों को कुछ और दिन भीषण गर्मी और उमस झेलनी पड़ सकती है, लेकिन प्री-मानसून बारिश और मानसून के आगमन के साथ राहत मिलने की संभावना बनी हुई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post