नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून को केरल में प्रवेश करने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मानसून अपने सामान्य समय से करीब दो से तीन दिन की देरी से केरल तट पर पहुंचेगा।
गौरतलब है कि आईएमडी ने 26 मई को मानसून के केरल पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया था। हालांकि बाद में 29 मई को जारी बयान में विभाग ने स्पष्ट किया था कि अगले चार दिनों के भीतर मानसून केरल में प्रवेश नहीं करेगा।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कमजोर हवाओं और चक्रवाती व्यवधान के कारण मानसून की प्रगति प्रभावित हुई, जिससे इसके आगमन में देरी हुई है। इससे पहले केरल में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती रही है।
आईएमडी के अनुसार मौसमीय परिस्थितियां अब अनुकूल होती जा रही हैं और 4 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल तट पर पहुंचने की संभावना प्रबल है। मानसून के आगमन के साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।


