चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में ट्रेलर का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल परिचालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।


