नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, बरसात से पहले समाधान के निर्देश

टाउनहाल मैदान स्थित गांधी भवन में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के सभी 90 वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्षदों ने जलनिकासी, सड़क, सफाई, सीवर और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को बैठक के दौरान रखा।बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर अशोक तिवारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बरसात से पूर्व आवश्यक कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।

बैठक में नगर आयुक्त सहित नगर निगम, जलकल विभाग, बिजली विभाग और नगर की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कई मुद्दों पर पार्षदों ने जोरदार ढंग से अपनी बात रखी, जिससे बैठक में कई बार गहमागहमी का माहौल भी देखने को मिला। हालांकि महापौर अशोक तिवारी ने बीच-बीच में हस्तक्षेप कर सभी पक्षों को शांत कराया और बैठक को सुचारु रूप से संचालित किया।बैठक के दौरान महापौर ने नगर निगम की नई व्हाट्सएप सेवा का भी शुभारंभ किया। रिमोट बटन दबाकर शुरू की गई इस सुविधा के माध्यम से नागरिक हाउस टैक्स, सीवर टैक्स सहित अन्य करों का भुगतान कर सकेंगे। साथ ही उन्हें अपने भुगतान और संबंधित सेवाओं की जानकारी भी व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।नगर निगम का दावा है कि यह डिजिटल पहल नागरिक सुविधाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




Post a Comment

Previous Post Next Post