मुहर्रम के अवसर पर बेनियाबाग स्थित भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के आवास पर श्रद्धा और अकीदत के साथ नौहाखानी एवं मातम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध नौहाख्वां मुर्तुजा शमशी ने नौहा पेश किया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग गम-ए-हुसैन में डूब गए।नौहाखानी के बाद अकीदतमंदों ने मातम कर इमाम हुसैन और करबला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की और मुहर्रम की परंपराओं का पालन करते हुए अपने जज्बात का इजहार किया।
कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह गमगीन और रूहानी रहा। उपस्थित लोगों ने करबला की कुर्बानियों को याद करते हुए इंसानियत, सत्य और न्याय के लिए दी गई शहादत को नमन किया। देर तक नौहाखानी और मातम का सिलसिला चलता रहा, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए अकीदतमंद शामिल हुए।
Tags
Trending


