ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के बादलपुर स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में एक ट्रांसपोर्टर की हत्या से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जीवन यादव के रूप में हुई है, जो किराये पर वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में पड़ोसी विशाल कश्यप और उसका साथी विक्की मुख्य आरोपी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जीवन यादव को उनके घर से बाहर बुलाया और बातचीत के बहाने गली से दूर एक खाली प्लॉट में ले गए। वहीं उनके सिर में गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से जान-पहचान थी और दोनों का घर पर आना-जाना था। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है।


