सिविल सेवा का अगला पड़ाव: प्रीलिम्स रिजल्ट घोषित, 21 अगस्त से होगी मेन्स परीक्षा

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम 15 जून की देर रात जारी कर दिया। इस वर्ष कुल 13,343 अभ्यर्थी प्रीलिम्स परीक्षा में सफल हुए हैं और अब वे मेन्स परीक्षा में शामिल होंगे। यह भर्ती प्रक्रिया कुल 933 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कम अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा उत्तीर्ण की है। वर्ष 2025 में कुल 14,161 उम्मीदवार मेन्स परीक्षा के लिए चयनित हुए थे।

UPSC प्रीलिम्स परीक्षा का आयोजन 24 मई 2026 को देशभर में किया गया था। परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से दो शिफ्ट में हुई थी। पहली शिफ्ट में सामान्य अध्ययन (GS) और दूसरी शिफ्ट में सिविल सेवा अभिक्षमता परीक्षा (CSAT) आयोजित की गई थी। इस वर्ष परीक्षा के लिए करीब 8.19 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। आयोग के अनुसार 5.49 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन देश के 83 शहरों में स्थित 2,072 केंद्रों पर किया गया था।

प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थियों को अब मेन्स परीक्षा के लिए डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF-I) भरना होगा। यह फॉर्म 19 जून से UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। उम्मीदवार 28 जून तक इसे भर सकेंगे।UPSC सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार की 21 ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ सेवाओं में भर्ती की जाती है। इनमें IAS, IPS, IFS, IRS के अलावा भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा, भारतीय कॉर्पोरेट कानून सेवा और भारतीय व्यापार सेवा जैसी कई प्रतिष्ठित सेवाएं शामिल हैं। मेन्स परीक्षा 21 अगस्त 2026 से आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन मेन्स परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण और इंटरव्यू में प्रदर्शन, रैंक, श्रेणी तथा सेवा वरीयता के आधार पर किया जाएगा।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post