वाराणसी में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 13 शातिर गिरफ्तार, क्रिप्टो वॉलेट समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद

कमिश्नरेट वाराणसी की क्राइम ब्रांच की एसओजी टीम ने "ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले 13 तकनीकी रूप से शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 17 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, एक क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट (लेजर) तथा नकद राशि बरामद की गई है।पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त अपराध एवं अपर पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन साइट, टेलीग्राम ग्रुप और प्रसिद्ध यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के फर्जी वीडियो बनाकर उनका प्रचार-प्रसार करते थे। इसके माध्यम से भोली-भाली जनता को झूठे प्रलोभन देकर आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।

पुलिस ने बताया कि गिरोह अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन चलाता था। ऑनलाइन सट्टेबाजी के इस नेटवर्क के जरिए लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र स्थित टकटकपुर में सिद्धी हाइट्स के बेसमेंट पर छापा मारकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर, फतेहपुर, इटावा, बहराइच, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र से जुड़े युवक शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत मिले हैं और इसके आर्थिक लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।बरामदगी में 17 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, एक क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट (लेजर) और 1350 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि क्रिप्टोकरेंसी और डिजिटल माध्यमों के जरिए बड़े पैमाने पर धन का लेन-देन किया गया है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय गतिविधियों का पता लगाया जा सके।पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थाना कैंट और एसओजी टीम के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर चल रहे किसी भी संदिग्ध निवेश या सट्टेबाजी संबंधी विज्ञापन के झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




Post a Comment

Previous Post Next Post