आरडीएसओ महानिदेशक प्रभास दनसाना ने किया बरेका का दौरा, लोको निर्माण एवं नवाचार पर हुआ मंथन

वाराणसी, 1 जून। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोको निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं और उत्पादन गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत से शिष्टाचार भेंट कर रेलवे के तकनीकी आधुनिकीकरण और अनुसंधान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।बरेका पहुंचने पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उनका स्वागत किया। दोनों अधिकारियों के बीच भारतीय रेल के तकनीकी विकास, अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, रेल इंजनों के मानकीकरण तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

दौरे के दौरान महानिदेशक ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप और लोको टेस्ट शॉप का निरीक्षण किया। उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की चरणबद्ध प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था तथा आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन दक्षता और गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की।महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उन्हें बरेका की उपलब्धियों और लोको उत्पादन क्षमता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान अनुसंधान, नवाचार और उत्पादन इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भारतीय रेल को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post