रेपो रेट स्थिर, लेकिन महंगाई का खतरा बढ़ा रिजर्व बैंक ने GDP ग्रोथ 6.9% से घटाकर 6.6% किया

भारतीय रिजर्व बैंक ने नए वित्त वर्ष की दूसरी मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी बैठक में रेपो रेट को 5.25% पर बरकरार रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही आम लोगों को फिलहाल EMI और लोन की ब्याज दरों में बढ़ोतरी से राहत मिल गई है। हालांकि, केंद्रीय बैंक ने आने वाले समय में महंगाई बढ़ने की आशंका जताते हुए अपने अनुमान को 4.6% से बढ़ाकर 5.1% कर दिया है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने 5 जून को बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि वैश्विक हालात और बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच महंगाई पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आर्थिक विकास दर के अनुमान को 6.9% से घटाकर 6.6% कर दिया है। RBI के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, वैश्विक सप्लाई चेन में रुकावट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं का असर आर्थिक गतिविधियों पर पड़ सकता है। मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने अपनी नीति का रुख ‘न्यूट्रल’ बनाए रखा है। इसका मतलब है कि RBI फिलहाल महंगाई और विकास दर दोनों पर संतुलित नजर रखते हुए आगे के फैसले लेगा। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि खुदरा महंगाई फिलहाल RBI के लक्ष्य दायरे में बनी हुई है, लेकिन वैश्विक तनाव के चलते ईंधन और ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी का खतरा बना हुआ है। कमेटी स्थिति पर नजर रखते हुए डेटा के आधार पर आगे कदम उठाएगी।

RBI ने कमजोर मानसून की संभावना को भी जोखिम बताया है, कम बारिश होने की स्थिति में कृषि उत्पादन और ग्रामीण मांग प्रभावित हो सकती है। हालांकि, सरकार की फसल विविधीकरण योजनाएं इस असर को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकती हैं। रिजर्व बैंक के अनुसार मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। RBI ने बताया कि स्थिर रोजगार और GST सुधारों से शहरी क्षेत्रों में खपत को भी समर्थन मिल रहा है।
RBI के फैसले के बाद शेयर बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिला। शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 150 अंकों की बढ़त के साथ 74,500 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 50 अंक मजबूत होकर 23,450 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान मीडिया और आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post