रेत का तूफान, तेज बारिश और गर्मी का प्रहार: 9 राज्यों में बदला मौसम का मिजाज

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ राजस्थान में रेत के बवंडर ने लोगों को परेशान किया, तो दूसरी ओर दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश देखने को मिली। वहीं, कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। देश के 9 राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। राजस्थान के चूरू, झुंझुनू और सीकर में सोमवार दोपहर रेत का बवंडर उठा। चूरू में हालात ऐसे बने कि दिन में कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में बवंडर के बाद तेज बारिश भी हुई। उधर, उत्तर प्रदेश के बदायूं में आंधी-बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ चलते ऑटो पर गिर गया। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

खराब मौसम के कारण दिल्ली से उड़ान भरने वाली 4 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मानसून बिहार, झारखंड और ओडिशा में आगे बढ़ चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच गया है। हालांकि महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आसपास इसकी गति धीमी हो गई है। 4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून 12 दिनों में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी बारिश के मुकाबले सिर्फ 19.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 64% कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऊपरी वायुमंडल की हवाओं के असामान्य पैटर्न और पश्चिमी जेट स्ट्रीम के दक्षिण की ओर खिसकने से मानसून की रफ्तार प्रभावित हुई है।वहीं, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। देश में सबसे अधिक तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post