मनचलों और अनियमित होटल-गेस्ट हाउस संचालकों पर सिगरा पुलिस की सख्ती, सघन चेकिंग अभियान में कई लोगों से पूछताछ

वाराणसी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर सिगरा पुलिस  कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगर मार्केट क्षेत्र में होटल, गेस्ट हाउस और हॉस्टलों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया तथा यात्री पंजीकरण रजिस्टर भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया।

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में महिला पुलिसकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। टीम ने गेस्ट हाउस और होटलों के लाइसेंस, अतिथि पंजीकरण व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की।पुलिस जांच के दौरान कई गेस्ट हाउसों में संचालन संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद संबंधित संचालकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। वहीं, यात्रियों के रिकॉर्ड और रजिस्टरों को भी सत्यापन के लिए थाने ले जाया गया।

अचानक चले इस अभियान से कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगर मार्केट क्षेत्र में काफी हलचल और गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में चर्चा का विषय बना रहा।इस दौरान थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रतिष्ठान अपने लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों को अद्यतन रखें तथा अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील स्थिति में स्थापित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधि गेस्ट हाउस अथवा होटल में संचालित पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post