कैंट रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास एक ठेला संचालक द्वारा बिहार से आए एक छात्र से कथित रूप से अधिक पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। छात्र का आरोप है कि उसे खाने की प्लेट का मूल्य 20 रुपये बताया गया था, लेकिन बाद में उससे 120 रुपये ले लिए गए।
घटना के समय मौके पर मौजूद सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के पास पहुंचकर छात्र ने शिकायत की। छात्र की बात सुनने के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेला संचालक और उसके कर्मचारियों को पकड़कर पिलर नंबर-61 स्थित पुलिस चौकी पर पहुंचाया।
पुलिस ने छात्र की तहरीर के आधार पर ठेले पर कार्यरत दो कर्मचारियों को आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों और आम लोगों से गलत तरीके से अधिक पैसे वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छात्र ने राहत महसूस की और थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया। घटना के बाद क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों और ठेला संचालकों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा।


