वाराणसी, कमिश्नरेट वाराणसी के थाना बड़ागाँव पुलिस ने अपहरण के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर सिसवाँ मछली मंडी के पास से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश गुप्ता (20 वर्ष) पुत्र हीरालाल गुप्ता, निवासी ग्राम गोधना, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बड़ागाँव में दर्ज मुकदमा संख्या 205/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) एवं 87 में मामला दर्ज है।पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को 17 वर्षीय पीड़िता ने थाना बड़ागाँव में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने 18 मई को उसे गांव के पोखरे पर बुलाकर विवाह का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के मुताबिक आरोपी 28 मई को किशोरी को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया था।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी की तलाश की जा रही थी, जिसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमन यादव एवं उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, थाना बड़ागाँव, कमिश्नरेट वाराणसी शामिल रहे।


