योगी अखाड़ा परिवार के तत्वावधान में रविवार को भव्य महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों ने भाग लिया।महोत्सव में सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दोहराया गया। संत समाज ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में संतों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। आयोजन का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के आध्यात्मिक योगदान और सनातन मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का स्मरण रहा।
योगी अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राधेश्याम महाराज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर योगी राजेश्वरानंद महाराज (वृंदावन) सहित अनेक संतों और अखाड़े के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस अवसर पर योगी अखाड़ा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मातृशक्ति साध्वी सुषमा मिश्रा ने कहा कि अखाड़ा परिवार सनातन संस्कृति के संरक्षण, सेवा और आध्यात्मिक जागरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के समापन पर संतों ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय जयघोष और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।


