25 साल बाद भी बरकरार 'गदर' का जादू, अमरीश पुरी को याद कर भावुक हुए सनी देओल

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' की रिलीज के 25 साल पूरे होने पर इसकी सिल्वर जुबली धूमधाम से मनाई गई। इस खास मौके पर फिल्म के कलाकार और निर्माता एक बार फिर साथ नजर आए। कार्यक्रम में अभिनेता सनी देओल, अभिनेत्री अमीषा पटेल, निर्देशक अनिल शर्मा और फिल्म की अन्य कास्ट ने हिस्सा लिया। सिल्वर जुबली समारोह में सनी देओल ने केक काटकर फिल्म की सफलता का जश्न मनाया। उन्होंने अमीषा पटेल और अनिल शर्मा को केक खिलाया और सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान अमीषा पटेल का पारंपरिक भारतीय लुक भी चर्चा का विषय बना। वह लहंगा-चोली और दुपट्टे में नजर आईं।

इवेंट के दौरान पैपराजी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि AI के दौर में कलाकारों को भी जवान बनाया जा सकता है। इस पर अमीषा पटेल ने सनी देओल की ओर इशारा करते हुए कहा, "ये अभी भी जवान हैं।" उनके इस जवाब पर वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे। 15 जून 2001 को रिलीज हुई 'गदर: एक प्रेम कथा' उस दौर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही। खास बात यह रही कि उसी दिन आमिर खान की फिल्म 'लगान' भी रिलीज हुई थी, लेकिन क्लैश के बावजूद दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। करीब 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'गदर' ने 133 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। वहीं इसके सीक्वल 'गदर 2' ने दुनियाभर में 691 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।

फिल्म में तारा सिंह और सकीना के किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा ने किया था, जबकि दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी ने सकीना के पिता अशरफ अली का यादगार किरदार निभाया था। सिल्वर जुबली समारोह के दौरान सनी देओल अमरीश पुरी को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "अमरीश जी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।" वहीं निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा, "जब तक 'गदर' का नाम रहेगा, तब तक अमरीश पुरी जी भी इससे जुड़े रहेंगे। उनकी यादें हमेशा इस फिल्म का हिस्सा रहेंगी।" अमीषा पटेल ने भी कहा कि वह अमरीश पुरी को बहुत मिस करती हैं। अनिल शर्मा ने बताया कि गदर' बनने से पहले वह कश्मीर पंडितों के पलायन की पृष्ठभूमि पर 'कश्मीर' नाम से फिल्म बनाने की योजना बना रहे थे। इस कहानी के लिए उन्होंने दिलीप कुमार और धर्मेंद्र को लेने का विचार किया था, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट बदलकर 'गदर: एक प्रेम कथा' के रूप में दर्शकों के सामने आया।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post