थाना शिवपुर में दर्ज एक आपराधिक मामले में नामित अभियुक्त की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में वंश गोपाल जायसवाल ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।प्रार्थना पत्र में वंश गोपाल जायसवाल ने बताया कि उन्होंने थाना शिवपुर में अपराध संख्या 241/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत आंचल जायसवाल के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि मामले से संबंधित सभी साक्ष्य एवं प्रमाण विवेचना अधिकारी को उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
पीड़ित का कहना है कि मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी चांदमारी तथा थाना शिवपुर के प्रभारी निरीक्षक द्वारा गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवेचना में अनावश्यक शिथिलता बरती जा रही है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि अभियुक्त के प्रभाव अथवा अन्य कारणों से मामले में हीलाहवाली की जा रही है। उनका कहना है कि अभियुक्त की गिरफ्तारी न होने से उनके एवं उनके परिवार के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने, नामित अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने तथा निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना कराए जाने की मांग की है।


