कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए ‘विशाल गैंग’ के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 900 ग्राम सोना, हीरे के कीमती आभूषण और 4.27 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस सफलता पर पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ताला बंद मकानों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य पहले सूने घरों की रेकी करते थे और परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 सोने की ब्रिक, 2 सोने की चेन, 3 सोने के कंगन, 2 सोने के धागे, एक डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड टॉप्स, एक डायमंड रिंग, 2 डायमंड ईयरिंग्स तथा 4 लाख 27 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में पता चला है कि आरोपी लालपुर थाना क्षेत्र के भक्तिनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इनमें कुछ आरोपी आजमगढ़ और महाराष्ट्र के शोलापुर के निवासी हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का भी पता लगा रही है।शिवपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई से इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।


