केरल के कोझिकोड रेल रूट पर रविवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना के चलते रेल यातायात करीब दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। बंदरों की उछल-कूद के कारण ओवरहेड हाई-टेंशन बिजली का तार टूट गया, जिससे वंदे भारत एक्सप्रेस सहित पांच प्रमुख ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं।जानकारी के अनुसार, पय्योली कोट्टक्कल रेलवे गेट और मूराद ब्रिज के बीच कुछ बंदर बिजली के तारों पर झूलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पांच से अधिक बंदरों का झुंड तारों पर खेल रहा था, तभी वजन और खिंचाव के कारण केबल टूट गई। घटना की सूचना तुरंत रेलवे कर्मचारियों को दी गई।बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र कई ट्रेनों को वडाकरा स्टेशन पर रोक दिया।
इस दौरान कासरगोड–तिरुवनंतपुरम वंदे भारत एक्सप्रेस, मुंबई लोकमान्य तिलक–एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस, कन्नूर–एर्नाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस, चेन्नई मेल और कन्नूर–शोरानूर पैसेंजर ट्रेन प्रभावित रहीं। यात्रियों को इस वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ी।घटना की गंभीरता को देखते हुए कोइलांडी से तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और शाम करीब 5 बजे तक अस्थायी मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया गया, फिर अन्य ट्रेनों का संचालन भी धीरे-धीरे सामान्य हुआ।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल अस्थायी रूप से व्यवस्था ठीक की गई है और ओवरहेड सिस्टम की पूरी तरह मरम्मत के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा।


