हैदराबाद: तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हैदराबाद की नामपल्ली कोर्ट ने ‘पुष्पा 2’ से जुड़े संध्या थिएटर भगदड़ मामले में अभिनेता को समन जारी करते हुए 22 जून को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर-11 (A11) के रूप में नामित किया गया है। कोर्ट ने मामले में अन्य आरोपियों को भी समन जारी किया है और आगामी सुनवाई के दौरान सभी संबंधित पक्षों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है।
यह मामला दिसंबर 2024 में हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म Pushpa 2: The Rule के विशेष प्रदर्शन के दौरान हुई भगदड़ से जुड़ा है। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। जांच एजेंसियां भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही की पड़ताल कर रही हैं। अब 22 जून को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां अदालत इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार करेगी।


