थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने छिनैती की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को सत्यम नगर कॉलोनी निवासी सुबाष कुमार अग्रहरि ने थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता से कुछ युवकों ने पता पूछने के बहाने बातचीत की और घर के बाहर से उनके कान का सोने का टॉप्स झपटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत "ऑपरेशन चक्रव्यूह" में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 23 जून को ऐढ़े काशीराम आवास के पीछे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गणेश सोनकर (20 वर्ष) निवासी मुस्तफाबाद चांदपुर, थाना चौबेपुर तथा दीपक पाठक (23 वर्ष) निवासी पचरांव, थाना चौबेपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त दीपक पाठक के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


