सहारनपुर में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी ललन सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया। उस पर 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था।पुलिस के मुताबिक, सरसावा-नकुड़ मार्ग पर चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान ललन सिंह को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ललन सिंह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था और उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और पुलिस पर हमले जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। वह सात हत्याओं के मामलों में आरोपी था और विभिन्न राज्यों की पुलिस को उसकी तलाश थी।बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


