बलिया के नगरा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।दरअसल, इस कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेता और सांसद रवि किशन तथा भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह के पहुंचने की खबर से बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए थे। दोनों कलाकारों की एक झलक पाने के लिए लोग मंच के करीब पहुंचने लगे, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाला। काफी समझाने के बावजूद जब भीड़ काबू में नहीं आई, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। लाठीचार्ज के बाद भीड़ तितर-बितर हुई और हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम को किसी तरह आगे बढ़ाया गया और अंततः शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।


