उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण सहित सभी परियोजनाओं को युद्धस्तर पर गति देकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में मंडल के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ चल रही तथा प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि वाराणसी मंडल में लोक निर्माण विभाग की कुल 7175 करोड़ रुपये की 2630 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 687 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 542 कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। वहीं वाराणसी जनपद में 3223 करोड़ रुपये की 421 परियोजनाएं गतिमान हैं, जिनमें 85 कार्य पूर्ण तथा 158 कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरे हो चुके हैं।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना बिना विलंब के तैयार की जाए तथा टेंडर प्रक्रिया भी साथ-साथ आगे बढ़ाई जाए, ताकि किसी प्रकार की प्रतीक्षा न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी संबंधित अधिकारी नियमित समीक्षा करें और निर्माण कार्यों की गति सुनिश्चित करें।
उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले आवश्यक परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा सड़क मरम्मत कार्यों के लिए पहले से सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को नगरीय क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में बनने वाले इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की भी समीक्षा की, जहां अभी तक 18 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वाराणसी में प्रस्तावित यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी अजय चौहान ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल के कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


