NEET परीक्षा को लेकर वाराणसी रेलवे हाई अलर्ट, 25 हजार अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम

21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को देखते हुए वाराणसी रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा, यात्री सुविधा और चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है।वाराणसी रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि रेलवे को करीब 25 हजार अभ्यर्थियों के वाराणसी आने की सूचना मिली है। इसको ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के अतिरिक्त जवानों को भी लगाया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के मद्देनजर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सही प्लेटफॉर्म, निकास मार्ग और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर यात्रियों का मार्गदर्शन किया जाएगा।रेलवे प्रशासन ने चिकित्सा सुविधाओं को भी सक्रिय रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे स्टेशन पर समय से पहुंचें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, जिससे यात्रा और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की प्रक्रिया सुगम बनी रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post