यूपी में मौसम का बदला मिजाज, वाराणसी समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 80 किमी/घंटा तक चल सकती है हवा

लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा और गाजियाबाद समेत 40 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में तेज अंधड़ की संभावना है, जहां हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मिर्जापुर, चंदौली और गाजीपुर समेत कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। अलीगढ़, बरेली, आगरा और मेरठ जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार 14 से 18 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post