NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और पुनर्परीक्षा के मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस ने रविवार को अनोखा विरोध दर्ज कराया। संगठन प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव अनुपम राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजघाट स्थित भैंसासुर घाट पर मां गंगा से प्रार्थना कर छात्रों के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई।अनुपम राय ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा पुनर्परीक्षा की घोषणा के बाद लाखों छात्र मानसिक दबाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से विद्यार्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस मां गंगा को साक्षी मानकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और देश के विकास का संकल्प लिया गया था, आज उसी देश के छात्र परीक्षा व्यवस्था की खामियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा सरकार और शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी है।युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां गंगा से प्रार्थना की कि 21 जून को प्रस्तावित NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हो।
साथ ही परीक्षा से जुड़े दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए परीक्षा प्रणाली को जवाबदेह और विश्वसनीय बनाना आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।


