नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। लखनऊ से इंडिगो की पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पहुंची, जहां वाटर कैनन सलामी देकर उसका स्वागत किया गया। यह फ्लाइट 161 यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। इसी क्रम में दूसरी फ्लाइट से एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 20 महिलाओं समेत 170 किसान नोएडा से लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने एयरपोर्ट परियोजना से क्षेत्र में आए बदलाव और विकास को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
मुलाकात के दौरान डॉक्टर हेरा राशिद ने मुख्यमंत्री से भावुक शब्दों में कहा, "जिस भूमि पर मेरे पिता अन्न उगाते थे, आज उसी भूमि से उड़ान भरकर मैं आपसे मिलने आई हूं। एक समय ऐसा था, जब पढ़ने की सुविधा नहीं थी। जैसे-जैसे विकास हुआ, हमारे क्षेत्र में तरक्की बढ़ी और सुविधाएं आईं। मैंने बिना कोचिंग के नीट परीक्षा पास की। ये सब आपकी वजह से हुआ। मैं चाहती हूं कि आप भविष्य में प्रधानमंत्री बनें।" बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। करीब 3,300 एकड़ भूमि पर बने इस चरण में टर्मिनल और रनवे का निर्माण किया गया है, जिस पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है।


