लंबित मांगों को लेकर जल निगम कर्मियों-पेंशनरों का धरना, आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय एवं ग्रामीण) के कर्मचारियों और पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में मुख्य अभियंता कार्यालय, वाराणसी पर धरना-प्रदर्शन किया। एकीकृत संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित धरने में कर्मचारियों ने वेतन, पेंशन, सातवें वेतनमान, महंगाई भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अनुकंपा नियुक्ति समेत विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।वक्ताओं ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य देयकों का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं नगरीय क्षेत्र के कर्मचारियों और पेंशनरों को कई माह से वेतन एवं पेंशन नहीं मिलने से आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

धरना सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 23 जून से जल निगम मुख्यालय, लखनऊ पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर 7 जुलाई से आमरण अनशन किया जाएगा।धरने में विभिन्न जनपदों के कर्मचारी नेताओं और बड़ी संख्या में कर्मियों एवं पेंशनरों ने भाग लिया।






Post a Comment

Previous Post Next Post